Keralam Assembly Elections 2026: ‘तेलंगाना आकर जनता से पूछिए…’, केरलम में चुनाव प्रचार के दौरान CM रेवंत रेड्डी का बड़ा बयान

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केरलम में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने जनता से सीधे आकर हकीकत जानने की भी बात कही.
केरलम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रहे प्रचार अभियान के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपनी सरकार के कामकाज को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में किए गए वादों को पूरी ईमानदारी से लागू किया है और अगर किसी को संदेह है, तो वह तेलंगाना आकर खुद जनता से पूछ सकते हैं.
किसानों को हर साल 18 हजार की मदद देती है सरकारः रेवंत
रेवंत रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा, ‘हमने तेलंगाना में 6 गारंटियों को प्रभावी तरीके से लागू किया है. अगर आपको यकीन नहीं है, तो आप तेलंगाना आकर वहां के लोगों से पूछ सकते हैं कि सरकार ने क्या काम किया है.’ उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता के हित में लगातार काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर साल लगभग 18,000 करोड़ रुपये रैतु भरोसा योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता के रूप में दे रही है. उनका कहना था कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है और कृषि क्षेत्र में स्थिरता आई है.
रोजगार के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
इसके अलावा, उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया. रेवंत रेड्डी ने कहा कि उनकी सरकार ने केवल एक साल के भीतर 67,173 सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं, जो युवाओं के लिए एक बड़ी राहत है. उन्होंने इसे अपने शासन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह दिखाता है कि सरकार अपने वादों को लेकर कितनी गंभीर है.
रेवंत रेड्डी ने विपक्ष पर साधा निशाना
अपने भाषण के दौरान रेवंत रेड्डी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि कुछ लोग केवल आरोप लगाने में लगे रहते हैं, जबकि उनकी सरकार जमीन पर काम करने में विश्वास रखती है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और काम के आधार पर निर्णय लें.
रेवंत रेड्डी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब केरलम में चुनावी माहौल गर्माया हुआ है और विभिन्न राजनीतिक दल जनता को लुभाने के लिए जोरदार प्रचार कर रहे हैं. उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है.
यह भी पढ़ेंः West Bengal Elections 2026: ‘AIMIM-ISF न्यायिक अधिकारियों के घेराव के जिम्मेदार’, मालदा में हुए घटना पर CM ममता बनर्जी का आरोप



