राजनीति

चाय नगरी में सियासी तूफान, हिमंत बिस्वा सरमा के मेगा रोड शो से ठहर गया डिब्रूगढ़, BJP के लिए कितनी अहम है ये सीट

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार (30 मार्च) को असम के प्रमुख शहर डिब्रूगढ़ में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया, जिससे पूरा शहर थम सा गया था. आगामी चुनावों से पहले शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखे जा रहे इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े और पूरा शहर केसरिया रंग में रंगा नजर आया.

यह हाई-वोल्टेज अभियान बीजेपी की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पार्टी ने अपने मजबूत गढ़ में एक बार फिर जनसमर्थन का प्रदर्शन किया. डिब्रूगढ़ के प्रमुख इलाकों में यातायात लगभग ठप हो गया, क्योंकि बड़ी संख्या में समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सड़कों के किनारे जमा हो गए. 

सीएम के साथ प्रशांत फूकन भी रहे मौजूद
रोड शो की शुरुआत एटी रोड स्थित डिब्रूगढ़ नगर निगम कार्यालय के पास से हुई, जहां मुख्यमंत्री एक विशेष रूप से सजाए गए वाहन पर सवार होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे. उस समय उनके साथ प्रशांत फूकन भी मौजूद थे, जो 4 बार के विधायक और राज्य के ऊर्जा मंत्री हैं. इस बार भी वो डिब्रूगढ़ से बीजेपी उम्मीदवार हैं. दोनों नेताओं ने हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन किया, जबकि पूरे रास्ते जय-जयकार और नारे गूंजते रहे.

इस रोड शो की खास बात यह रही की कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक असमिया गमोसा भेंट किया. यह न केवल सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है, बल्कि बीजेपी की क्षेत्रीय पहचान के साथ जुड़ने की रणनीति को भी उजागर करता है.

बीजेपी का मजबूत गढ़ है डिब्रूगढ़ 
विश्लेषकों का मानना है कि यह रोड शो केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ाव मजबूत करने का एक प्रयास भी था. डिब्रूगढ़ को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है, जहां शहरी और ग्रामीण मतदाताओं का संतुलन चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

डबल इंजन सरकार पर जोर
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने चुनाव को विकास और स्थिरता के मुद्दे पर केंद्रित किया. उन्होंने राज्य में बुनियादी ढांचे, कल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों में हुई प्रगति का जिक्र किया. उन्होंने डबल इंजन सरकार की अवधारणा पर भी जोर दिया, जिसमें केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य सरकार के तालमेल को विकास का आधार बताया.

उन्होंने कहा, “आज यहां उमड़ी भीड़ यह दिखाती है कि जनता हमारे काम पर भरोसा करती है. डिब्रूगढ़ ने हमेशा हमारा साथ दिया है और हम विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते रहेंगे.” साथ ही उन्होंने फुकन के लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनके योगदान की भी सराहना की.

यह रोड शो ऐसे समय में हुआ है जब चुनावी माहौल अपने चरम पर है और सभी राजनीतिक दल अंतिम चरण में पूरी ताकत झोंक रहे हैं. बीजेपी के लिए डिब्रूगढ़ ऊपरी असम में एक अहम सीट है, जहां पकड़ बनाए रखना पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

ये भी पढ़ें

ED डायरेक्टर राहुल नवीन का हुआ प्रमोशन, केंद्र सरकार ने अब सौंपी ये बड़ी जिम्मेदारी

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!