महिलाओं-बुजुर्गों को 2000 रुपये महीना, फ्री बिजली और 35 लाख छात्रों को लैपटॉप… तमिलनाडु में DMK ने जारी किया मेनिफेस्टो

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हैं. एक तरफ उम्मीदवारों की सूची जारी हो रही हैं तो इसी बीच डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन ने रविवार (29 मार्च) को पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया है. मेनिफेस्टो में कई बड़े ऐलान किए गए हैं. महिलाओं और बुजुर्गों को दो हजार रुपये महीना से लेकर फ्री बिजली और 35 लाख छात्रों को लैपटॉप देना शामिल है.
चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में घोषणापत्र जारी करने के दौरान स्टालिन ने कहा, डीएमके सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा किया है. अगर दोबारा तमिलनाडु में डीएमके की सरकार बनती है तो मौजूदा योजनाओं को पूरा किया जाएगा.
महिला मुखियाओं को मिलेंगे 2 हजार महीना
स्टालिन की ओर से की गई प्रमुख घोषणाओं में महिला मुखियाओं को अभी तक दी जाने वाली 1 हजार रुपये की मासिक सहायता को बढ़ाकर 2000 रुपये किया जाएगा. इससे राज्य के 1.37 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को फायदा मिलेगा. इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर भी 2 हजार रुपये किए जाने का वादा किया. अभी कक्षा एक से कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए चलाई जा रही सरकार की ब्रेकफास्ट योजना को कक्षा 8 तक लागू करने का वादा किया है.
5 लाख तक बिना ब्याज लोन की घोषणा
डीएमके प्रमुख ने वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मिलने वाले लाभ को बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने का वादा किया. डीएमके ने वादा किया है कि सरकार बनी तो अगले पांच वर्षों में 10 लाख नए घरों के निर्माण किया जाएगा. साथ ही सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस सुविधाओं को दोगुना किया जाएगा.
मुफ्त बिजली-लैपटॉप का वादा
घोषणापत्र में कहा गया कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे 35 लाख छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा. साथ ही 20 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को फ्री बिजली की सहायता जारी रखने का वादा किया. साथ ही कहा कि बिना मीटर वाले पंप सेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे. रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए आईटी पार्क स्थापित किए जाएंगे. स्टालिन ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 18 लाख करोड़ रुपये का निवेश हासिल करना है.



