तमिलनाडु में महिलाओं को कैश नहीं 8,000 का मिलेगा कूपन, सरकार बोली- वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज या मिक्सी कुछ भी खरीदो

Stalin Government Announced Coupons Worth ₹8,000 For Women: तमिलनाडु में चुनावी दौर का आगाज हो गया है. सत्ताधारी पार्टी डीएमके (DMK) ने रविवार यानी 29 मार्च को अपना घोषणापत्र (Manifesto) जारी कर दिया है. इस घोषणापत्र को मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने चेन्नई में जारी किया. इस मेनिफेस्टो में महिलाओं को मिलने वाले 8000 रुपये के कूपन देने का ऐलान किया गया है, जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव होना है. इसलिए सभी पार्टियां अपनी-अपनी मेनिफेस्टो के जरिए अपने नए-नए ऐलान कर रही हैं.
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कूपन देने की बताई वजह
चेन्नई में आयोजित इस कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री स्टालिन से पूछा गया कि बाकी पार्टियां तो सीधे बैंक खाते में पैसा डालने की बात कर रही हैं, तो आपने कूपन का रास्ता क्यों चुना? इस पर उन्होंने कहा, ‘अगर हम सीधे कैश देंगे, तो डर है कि वो घर के दूसरे छोटे-मोटे खर्चों में निकल जाएगा. हम चाहते हैं कि घर की महिलाओं के पास अपनी पसंद का सामान खरीदने की आजादी हो. कूपन का मतलब है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज या मिक्सी जैसा कोई भी बड़ा सामान खरीद सकें या पुराने के बदले नया ले सकें.’ इस दौरान स्टालिन ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘2021 के चुनाव में हमारा मेनिफेस्टो हीरो था, लेकिन ये मेनिफेस्टो हीरो और हीरोइन दोनों है.’
जानता के सुझावों से बनाया गया है ये मेनिफेस्टो
मेनिफेस्टो कमेटी की कमान संभालने वाले डीएमके के उप महासचिव कनिमोझी ने इस घोषणापत्र के पीछे की पूरी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि इसे बनाने के लिए हमने कोई जल्दबाजी नहीं की है. एक पूरी कमेटी बनाई गई थी, जिसने मिलनाडु के अलग-अलग जिलों का दौरा किया और सीधे जनता से बात की.
कनिमोझी के मुताबिक, ‘ये सिर्फ पार्टी का विजन नहीं है, बल्कि हर उस व्यक्ति का सुझाव है जिससे हम मिले. हम चाहते थे कि जब हम लोगों को कुछ दें, तो उन्हें ये चुनने का पूरा हक मिले कि उन्हें क्या चाहिए. जनता को अपनी पसंद का सामान चुनने का हक देना ही असली लोकतंत्र है.’



