राजनीति

उदयनिधि, स्टालिन, OPS, सेंथिल बालाजी… तमिलनाडु में DMK ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सत्ता पर काबिज डीएमके ने 164 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. प्रत्याशियों की सूची में मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन और उनके बेटे और डिप्टी सीएम उदयनिधि का नाम शामिल है. ज्यादातर मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को फिर से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है.

स्टालिन-उदयनिधि कहां से लड़ेंगे चुनाव?

डीएमके प्रमुख स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की. उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर कोलाथुर सीट से चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा उदयनिथि भी यहीं के चेपॉक-ट्रिप्लिकेन सीट से फिर से उम्मीदवार होंगे. मंत्री दुरई मुरुगन (द्रमुक महासचिव), के एन नेहरू अनबिल महेश पोय्यामोझी, थंगम थेनारासु, मा सुब्रमण्यम और ईवी वेलु को पार्टी ने फिर से मौका दिया है.

पन्नीरसेल्वम को बोदिनायक्कनूर से टिकट

AIADMK से निष्कासित होने के बाद डीएमके में शामिल होने वाले ओ पन्नीरसेल्वम को उसी बोदिनायक्कनूर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जिसका उन्होंने निवर्तमान विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया था. द्रमुक में शामिल होने के बाद उन्होंने विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था. पन्नीरसेल्वम के दो सहयोगियों पॉल मनोज पांडियन और आर वैथिलिंगम को भी टिकट दिए गए हैं. पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी को कोयंबटूर दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है.

28 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस

इससे पहले डीएमके और उसके सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय होने के बाद कांग्रेस और वामपंथी दलों, वीसीके और डीएमडीके समेत अन्य दलों द्वारा चुनाव लड़े जाने वाली विधानसभा सीटें भी फाइनल की गईं. समझौते के मुताबिक डीएमके की सहयोगी कांग्रेस 28 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसमें पोन्नेरी, इरोड ईस्ट, विलावंकोड, शिवकाशी और कराईकुडी शामिल हैं. प्रेमलता विजयकांत के नेतृत्व वाली डीएमडीके को पहले ही 10 सीट मिली हैं, उनमें विरुधाचलम और पल्लावरम शामिल हैं. 

थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके को आठ सीट मिली हैं, जिनमें कट्टुमन्नारकोइल, पनरुत्ती और तिंडीवनम शामिल हैं. माकपा को पद्मनाभपुरम और पलानी सीट मिली है, जबकि भाकपा थल्ली और भवानीसागर (आरक्षित) समेत अन्य सीटों से चुनाव लड़ेगी. दोनों वामपंथी दलों को पांच-पांच सीट दी गई हैं. द्रमुक ने अन्य सहयोगी दलों के लिए भी सीट निर्धारित की हैं, जिनमें वाइको के नेतृत्व वाली एमडीएमके भी शामिल है, जो चार सीट पर चुनाव लड़ेगी.  द्रमुक 164 सीट पर चुनाव लड़ेगी.

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!