Assembly Election 2026: नामांकन जांच पूरी, 2000 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में, जानिए बंगाल से असम तक के चुनाव की बड़ी बातें

Assembly Election 2026: भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को बताया कि 2026 के विधानसभा चुनाव और उपचुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है. इसके साथ ही अगले महीने चुनाव वाले प्रमुख राज्यों में उम्मीदवारों की तस्वीर लगभग साफ हो गई है. आयोग के अनुसार, असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव होने हैं, जबकि छह राज्यों में उपचुनाव भी कराए जाएंगे.
असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होना है, जिनके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च थी. जांच के बाद इन तीन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 2,140 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं.
आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 24 मार्च को रिटर्निंग ऑफिसरों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की गई, जो सभी चुनावी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के साथ-साथ उपचुनावों के लिए भी पूरी हो गई. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उम्मीदवारों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी भी कराई गई.
राज्यों के अनुसार देखें तो केरल में सबसे ज्यादा 140 सीटों पर 985 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसके बाद असम में 126 सीटों के लिए 789 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए 366 उम्मीदवार मैदान में हैं.
वहीं उपचुनावों में कुल 66 उम्मीदवार पांच विधानसभा सीटों पर किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें कर्नाटक में दो सीटों पर सबसे ज्यादा 50 उम्मीदवार हैं, जबकि गोवा में तीन, नागालैंड में सात और त्रिपुरा में छह उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें
बंगाल चुनाव में क्या होने वाला है बड़ा उलटफेर, ममता बनर्जी की TMC और BJP में किसको कितनी सीटों का अनुमान, सर्वे के नतीजे चौंकाने वाले
बंगाल में चुनाव ड्यूटी के दौरान इफ्तार कार्यक्रम में हुए शामिल तो सात अर्धसैनिक बल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, जानिए पूरा मामला
आयोग ने बताया कि तय प्रक्रिया के अनुसार वैध उम्मीदवारों की सूची तैयार कर नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कर दी गई है, साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए उम्मीदवारों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं.
हालांकि, चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर 26 मार्च को दोपहर 3 बजे नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद ही साफ होगी. आयोग ने कहा कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई गई हैं.



