KKR में कौन लेगा हर्षित राणा की जगह? कोच अभिषेक नायर ने रिप्लेसमेंट पर किया बड़ा खुलासा

हर्षित राणा के IPL 2026 से बाहर होने पर कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है. उनके बाहर होने की वजह घुटने की चोट है, जो उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैच के दौरान आई थी. हर्षित सर्जरी भी करवा चुके हैं और अभी रिकवरी कर रहे हैं. इसी बीच KKR मैनेजमेंट के माथे पर चिंता की लकीरें आना लाजिमी हैं और अभी तक टीम को उनका रिप्लेसमेंट नहीं मिल सका है.
हर्षित की जगह लेना आसान नहीं
कोलकाता नाइट राइडर्स के हेड कोच अभिषेक नायर ने प्री सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित के रिप्लेसमेंट पर अपडेट देकर कहा कि उनका चोटिल होना टीम के लिए बहुत बड़ा झटका है क्योंकि पिछले दोनों सीजन में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया है. नायर ने कहा कि पिछले एक साल में एक क्रिकेटर के तौर पर हर्षित बहुत बेहतर बन गए हैं. अभिषेक नायर ने यह भी माना कि हर्षित राणा की जगह लेना आसान नहीं है.
हर्षित के रिप्लेसमेंट को लेकर हर्षित राणा ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में हमने कई गेंदबाजों को देखा है जो इस किरदार में अच्छे से ढल सकते हैं. शायद हम अगले कुछ दिनों में अंतिम फैसला ले सकते हैं.”
कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ी हुई दिख रही हैं क्योंकि मथीशा पाथिराना को भी अभी तक खेलने का क्लियरेन्स नहीं मिला है. मगर अच्छी खबर ये है कि कप्तान अजिंक्य रहाणे अपने खिलाड़ियों पर भरोसा दिखा रहे हैं और आत्मविश्वास से भरे हैं. वरुण चक्रवर्ती के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट इकॉनॉमी रेट की दृष्टि से अच्छा नहीं गुजरा था, लेकिन रहाणे को भरोसा है कि चक्रवर्ती अच्छा करके दिखाएंगे.
कोलकाता नाइट राइडर्स अब तक तीन बार चैंपियन बनी है. 2012, 2014 और 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कोलकाता ने ट्रॉफी जीती थी. आईपीएल 2025 में KKR का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था, जहां उसे टेबल में आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा था.
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया की अगली सीरीज का एलान, IPL 2026 के बाद होगी ‘महाटक्कर’



