Watch: क्रिकेटर से पायलट बने ग्लेन फिलिप्स, लैंड करवाया विमान; बोले- अगर पैसे होते तो…

Glenn Phillips Turned Into Pilot: न्यूजीलैंड के स्टार क्रिकेटर ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने बता दिया कि वह सिर्फ क्रिकेट के फील्ड पर ही ऑलराउंडर नहीं हैं, बल्कि वह दुनिया के और कामों में भी ऑलराउंड क्षमता रखते हैं. मैदान पर कैच के लिए लंबी-लंबी डाइव लगाने वाले फिलिप्स न्यूजीलैंड में विमान उड़ाते दिखे. उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया के जरिए प्लेन उड़ाने का वीडियो शेयर किया. इसके अलावा कीवी खिलाड़ी ने बताया कि कैसे वह पैसों के कारण पायलट बनने से रह गए.
लैंड करवाया विमान
फिलिप्स ने बीते मंगलवार (17 मार्च) सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर की, जिसमें वह विमान को लैंड करवाते हुए नजर आए. वीडियो ने वाकई लोगों चौंका दिया. इसके अलावा कुछ दिन पहले फिलिप्स ने सोशल मीडिया पर कुछ और तस्वीरें शेयर की थीं, जिसमें वह फ्लाइंग स्कूल के छात्रों और प्रशिक्षकों के साथ भी बातचीत करते दिखे थे.
ग्लेन फिलिप्स को था पायलट बनने का शौक
बताते चलें कि फिलिप्स को पायलट बनने और एविएशन सेक्टर में जाने का बहुत शौक था. इंडिया टुडे के मुताबिक फिलिप्स ने कहा, “हां, यह मेरा बहुत बड़ा जुनून है. अगर मैं क्रिकेट नहीं खेल रहा होता और मेरे पास बचपन से ही दुनिया का सारा पैसा होता, तो सच कहूं तो शायद मैं पायलट बन जाता.”
फिलिप्स ने आगे कहा, “मुझे हवा में रहना बहुत पसंद है. आदर्श रूप से मैं पहाड़ों में जाना चाहता हूं और मुझे काम की बिल्कुल भी जरूरत न हो, बस अपने सभी शौक का आनंद लेना चाहता हूं. लेकिन अगर फिर भी मुझे काम करना पड़े, तो पायलट बनना मेरी पहली पसंद होगी.”
आईपीएल 2026 में दिखेगा फिलिप्स का जलवा
आईपीएल 2026 में ग्लेन फिलिप्स गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. फ्रेंचाइजी ने फिलिप्स को आगामी सीजन के लिए 2 करोड़ रुपये कीमत में रिटेन किया था. हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि उन्होंने पिछला आईपीएल सीजन 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला था. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या आगामी सीजन में वह प्लेइंग 11 में जगह बना पाते हैं या नहीं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के लिए बेंगलुरु पहुंचे विराट कोहली, सामने आया वीडियो; जानें कब खेलेंगे पहला मैच



