Election Dates 2026: दो चरण, 824 सीटें और 17.4 करोड़ मतदाता, जानें 5 राज्यों में होने वाले चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी बातें

पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की मुनादी पिट चुकी है. रविवार (15 मार्च) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनावी तारीखों का ऐलान किया. दो चरण, 824 सीटें के लिए 17.4 करोड़ मतदाता फैसला करेंगे कि चुनावी राज्यों में कौन सत्ता की बागडोर संभालेगा. आइए जानते हैं 5 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी बातें.
बंगाल में दो दशक बाद 2 चरणों में चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस बार केवल दो चरणों में वोटिंग होगी. इससे पहले 2021 में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में 8 फेज में मतदान हुआ था. यहां पांचों चुनावी राज्यों में सबसे ज्यादा 294 सीटें हैं. बहुमत हासिल करने के 148 सीटों की जरूरत होगी. इस बार यहां दो फेज में वोटिंग होगी. पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग होगी जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा. नतीजों का ऐलान एकसाथ 4 मई को किया जाएगा. करीब दो दशक में यह पहला मौका है, जब यहां दो चरणों में मतदान होगा.
824 सीटों का फैसला करेंगे 17.4 करोड़ वोटर
मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि भारत में चुनाव लोकतंत्र का पर्व है. जिन पांच राज्यों में इलेक्शन हो रहा है, वहां 824 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. यहां 17.4 करोड़ वोटर फैसला करेंगे. बता दें कि यह संख्या जर्मनी, कनाडा, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों की कुल आबादी के बराबर है.
20 से ज्यादा देशों से चुनाव देखने आएंगे मेहमान
भारत में चुनाव लोकतंत्र का पर्व है. इसकी बानगी चुनाव में देखने को मिलेगी. इन पांचों राज्यों में होने वाले चुनाव को शांतिपूर्वक कराने की जिम्मेदारी भारतीय निर्वाचन आयोग के हाथ में होगी. साथ ही इलेक्शन इसलिए भी खास होने वाला है क्योंकि 20 से ज्यादा देशों के निर्वाचन आयोग के मेहमान भारत आएंगे और इन राज्यों में होने वाले चुनाव को देखेंगे.
SIR के बाद चुनाव
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बाद इन पांचों राज्यों में चुनाव हो रहे हैं जो कई मायनों में खास है. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर जमकर बवाल देखने को मिला था. वहीं, असम में भी एसआर यानी स्पेशल रिवीनज को लेकर विवाद खड़ा हुआ था.
हर दो घंटे में अपलोड होगा वोटिंग परसेंटेज
सभी मतदान केंद्रों पर तैनात पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपलोड करेंगे और चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद मतदान के आंकड़े अपलोड किए जाएंगे.
2.19 लाख पोलिंग बूथ पर होगा मतदान
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 2.19 लाख मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे. यहां 25 लाख चुनाव अधिकारियों की तैनाती की जाएगी. असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में प्रति मतदान केंद्र पर मतदाताओं की औसत संख्या 750-900 है.
पोलिंग स्टेशन के अंदर नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पोलिंग स्टेशन के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी, इसे मतदान केंद्र के बाहर ही रखना होगा. वोट डालने के बाद मतदाता अपना मोबाइल वापस ले सकेंगे.
कहां कितनी सीटें?
तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं, जहां द्रमुक नेता एम.के. स्टालिन सात मई, 2021 से सीएम हैं. पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, जहां टीएमसी नेता ममता बनर्जी 2011 से सत्ता में हैं. केरल में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं, जहां वामपंथी नेता पिनराई विजयन 2016 से सीएम हैं और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं. असम में 126 सीटें हैं, हिमंत विश्व शर्मा 2021 से मुख्यमंत्री हैं. पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी 2021 से सत्ता में हैं. केंद्र शासित प्रदेश में कुल 33 सीटें हैं, जिनमें केंद्र द्वारा मनोनीत तीन सदस्य शामिल हैं.
Election Dates 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव, बंगाल समेत देखें पांचों राज्यों का फुल इलेक्शन शेड्यूल



