टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया पर होगी पैसों की बारिश, BCCI ने की करोड़ो के ईनाम की घोषणा
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया है.
भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर यह खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया है.
लगातार दूसरी बार जीता खिताब
भारतीय टीम ने इस जीत के साथ लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की. इससे पहले भारत ने टी20 वर्ल्डकप का पिछला संस्करण भी जीता था. इसी के साथ टीम इंडिया इस टूर्नामेंट का खिताब बचाने वाली पहली टीम बन गई है. इतना ही नहीं, भारत अब टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गया है. इससे पहले किसी भी टीम ने इस टूर्नामेंट को तीन बार नहीं जीता था.
BCCI ने दी बधाई
बीसीसीआई ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को बधाई दी है. बोर्ड ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, टीमवर्क और शानदार प्रदर्शन की वजह से यह सफलता मिली है. BCCI की ओर से दी जाने वाली 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी. यह भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े पुरस्कारों में से एक माना जा रहा है.
पूरे देश में जश्न का माहौल
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. फैंस सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी न्यूजीलैंड के खिलाफ दबदबा बनाए रखा. बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने अहम मौकों पर बेहतरीन खेल दिखाया.



