अमेरिका- ईरान की जंग का खामियाजा भुगत रहा भारत! कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई ठप, दिल्ली-मुंबई, बेंगलुरु समेत देश की ग्राउंड रिपोर्ट

पूरी दुनिया इस समय ईरान अमेरिका इजरायल के युद्ध का हर्जाना भुगत रही है. कई जगह इसका व्यापक असर भी दिखने लगा है. भारत में सरकार कह रही है कि पेट्रोलियम और गैस के हालात ठीक हैं, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर न मिलने और घरेलू सिलेंडर पर 25 दिन की अनिवार्यता करने की वजह से जनता काफी परेशान है. इसका साइड इफेक्ट कहें या अफवाह, लेकिन गैस सिलेंडर गोदाम के बाहर लोगों की लंबी कतार नजर आने लगी हैं.
बेंगलुरु में संकट गहराया
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कमर्शियल गैस सिलेंडर का संकट है. शहर की फूड इंडस्ट्री के अलावा रोजमर्रा बाहर खाने वालों को भी बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने घोषणा की है कि कल से पूरे शहर में होटल बंद रखे जाएंगे. आज कुछ जगह पर होटल खुले हैं, क्योंकि इस वक्त सिलेंडर स्टॉक है, जैसे ही स्टॉक खत्म होगा तब होटल गैस सप्लाई न होने पर बंद किए जाएंगे.
मुंबई में 20 फीसदी होटल बंद
सिलेंडर की कमी के चलते देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 20 फीसदी होटल बंद हो गए हैं. कई बड़े होटलों के पास भी कुछ ही घंटे की सप्लाई बची है. होटल संचालकों का कहना है कि अगर अगले 3 दिन तक गैस की कमी जारी रही तो मुंबई के 50 फीसदी होटल बंद होने की संभावना है. मुंबई के डोंगरी इलाके में सब होटलों के शटर बंद हैं.
देश की राजधानी का भी बुरा हाल
दिल्ली की Indane गैस एजेंसी में खाली कमर्शियल सिलेंडर गोदाम में पड़े हैं. पिछले दो दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आई है. इंचार्ज और मैनेजर का कहना है कि ऊपर से कहा गया है कि अभी कमर्शियल सिलेंडर नहीं आएगा. सिर्फ डोमेस्टिक बुकिंग की सप्लाई रहेगी. होटल वाले हमारे पास आ रहे हैं, लेकिन हमारे पास सिलेंडर ही नहीं है. मैनेजर का कहना है कि हर रोज 60 से 70 कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति हम करते थे, लेकिन 2 दिन से माल ही नहीं है. यहां खाली कमर्शियल सिलेंडर पड़े हुए हैं. जब भरा हुआ आएगा ही नहीं तो खाली यहीं पड़ा रहेगा.
लखनऊ में भी हो रही किल्लत
यूपी की राजधानी लखनऊ में भी गैस की दिक्कत होने लगी है. एजेंसियों के सामने बड़ी संख्या में लोगों की लाइनें लग रही हैं, लेकिन गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. लोगों का कहना है कि अब नए तौर पर गैस बुकिंग भी नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि किसी की 1 महीने किसी की 2 महीने पहले की पिछली गैस की बुकिंग थी और अब नई गैस की बुकिंग में DAC नंबर ही नहीं आ रहा है और बिना डीएससी नंबर के गैस नहीं मिलेगी.
हरियाणा में भी परेशानी
चंडीगढ़ में इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे हैं. कर्मचारियों के मुताबिक पिछले चार दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिसके चलते जो सिलेंडर आ रहे हैं वो यहां इकट्ठा हो रहे हैं. कर्मचारी सोनू के मुताबिक होटल और रेस्तरां वाले पूछ रहे हैं सिलेंडर के बारे में. मगर हमारे पास सिलेंडर उपलब्ध ही नहीं हैं तो वहीं घरेलू गैस की सप्लाई भी उनके मुताबिक आधी हो गई है.
मध्य प्रदेश में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर पर रोक लग गई है. राजधानी भोपाल में होटल संचालकों को कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. कल शाम से भोपाल के रेस्टोरेंट, होटल और दुकानों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिली है.
क्या बोले LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अधिकारी
ऑल इंडिया LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के एक्जीक्यूटिव प्रेजिडेंट पीएन सेठ ने बताया कि फिलहाल पूरे देश में सप्लाई की कोई कमी नहीं है. बेंगलुरु में किसी और कारण की वजह से सप्लाई बाधित हो सकती है, लेकिन अभी देश में रिजर्व रखा गया है. उन्होंने आगे कहा कि आम दिनों में भी सप्लाई में एक दो दिनों की समस्या आ जाती है. सरकार ने भी इससे निपटने के लिए तैयारी की है.
उन्होंने बताया कि 25 दिनों के बाद दूसरा सिलेंडर मिलेगा और साल में 15 सिलेंडर ही बुक हो सकेंगे. ऐसा इसलिए है क्योंकि औसतन Per Capita 10 सिलेंडर की ही जरूरत होती है, लेकिन अगर किसी परिवार को 15 सिलेंडर से ज्यादा की बुकिंग करनी है तो फिर वो अपने Oil Company के पोर्टल पर जाकर अपना कारण बताकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें
भारतीयों को नहीं होगी गैस की किल्लत, सरकार ने चलाया ECA का ब्रह्मास्त्र, जानें क्या है ये?

