सचिन-विराट से गिब्स-वॉन तक, भारत के वर्ल्ड चैंपियन बनने पर क्रिकेट के दिग्गजों ने क्या कहा?

टीम इंडिया ने रविवार, 8 मार्च को 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया. घर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली, लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली, तीन टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली, टीम इंडिया विश्व की पहली क्रिकेट टीम बन गई है. भारत की इस जीत से पूरे क्रिकेट जगत में खुशी की लहर दौड़ी. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत को ‘सीमित ओवरों की सर्वश्रेष्ठ टीम’ करार दिया. वहीं भारत के चैंपियन बनने पर विराट कोहली और एमएस धोनी ने भी प्रतिक्रिया दी.
क्रिकेट के भगवान के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भारत को ‘पूरी तरह से जीत का हकदार’ बताया. उन्होंने कहा, “लगातार दो बार विश्व कप जीतना. पहली बार किसी टीम ने टी20 फॉर्मेट में ऐसा किया है. ट्रॉफी के पूरी तरह से हकदार. हमारी टीम ने क्या शानदार प्रदर्शन किया और क्रिकेट का एक खास ब्रांड दिखा. बहुत बढ़िया, टीम इंडिया. जय हिंद!. अपने घर के बाहर और पूरे देश में हो रहे जश्न को देखने के लिए मुंबई में नहीं हूं. क्या शानदार शाम रही. कमाल का काम किया टीम इंडिया.”
2024 में भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने वाले विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अहमदाबाद में टीम इंडिया की जबरदस्त जीत. पूरे टूर्नामेंट में हमारे खेले गए जबरदस्त क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं था. मुश्किल हालात में लड़ते रहने और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लिए लड़कों ने शानदार जज्बा दिखाया. यह कामयाबी हासिल करने के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन के सभी सदस्यों को बधाई.”
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि यह जीत हर स्तर पर भारतीय क्रिकेट की ताकत दिखाती है. गांगुली ने पोस्ट किया, “टी20 विश्व कप जीतने के लिए भारत को बधाई. बहुत मजबूत टीम. बड़े मुकाबलों में बेहतर हुई. भारतीय क्रिकेट शानदार जगह पर है. महिला चैंपियन, अंडर-19 चैंपियन और अब पुरुष टी20 चैंपियन.”
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच डेरेन सैमी ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत को हराना मुश्किल था. सुपर आठ में भारत के खिलाफ हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हुई वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सैमी ने लिखा, जैसा कि मैं पहले दिन से कह रहा था. आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने के लिए आपको भारत को नॉकआउट में हराना होगा. किसी भी टीम ने ऐसा नहीं किया. बीसीसीआई को उनके तीसरे विश्व टी20 खिताब के लिए बधाई. न्यूजीलैंड को सांत्वना (बेहद निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीम).”
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सफेद गेंद की टीम बताया. वॉन ने लिखा, “भारत सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम है. साथ ही सर्वश्रेष्ठ 50 ओवर की टीम भी है. सफेद गेंद के क्रिकेट में उन्हें रोकना मुश्किल होगा. उन्होंने खेल को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है.”
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने लिखा, “भारत की शानदार जीत, ट्रॉफी घर ले जाने के लिए बधाई.”
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने भी टीम की सराहना करते हुए लिखा, अपनी टीम पर बहुत गर्व है. भारत के लिए विश्व कप जीतना सपना है और आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है. बधाई हो.”
युवराज सिंह ने लिखा, “विश्व कप खिताब का बचाव करने के लिए जज्बा चाहिए और सूर्यकुमार की अगुआई वाली इस टीम ने सबसे बड़े मंच पर असली जज्बे के साथ खेला.” युवराज ने फाइनल और पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन के लिए कई खिलाड़ियों की तारीफ भी की. उन्होंने लिखा, “संजू ने मौके मिलने पर फिर से दिखाया कि वह मैच विजेता क्यों हैं. ईशान ने शुरू से आखिर तक निरंतर प्रदर्शन किया और भारत की जीत में उनकी भूमिका अच्छा रही.”
उन्होंने संजू सैमसन और ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि अभिषेक शर्मा ‘फाइनल में शानदार’ थे. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए युवराज ने लिखा, यह बेहद में खास था, हालात जितने मुश्किल होते गए वह उतना ही बेहतर होते गए.
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा, “पूरा दबदबा, बहुत बढ़िया टीम इंडिया… अपनी टीम पर बहुत गर्व है.”
भारत की पूर्व महिला कप्तान झूलन गोस्वामी ने लिखा, “वानखेड़े से यहां तक का क्या शानदार सफर रहा. टीम को इन दर्शकों के सामने ट्रॉफी उठाते देखना सच में जादू जैसा है. इस टीम ने इस शान का हर हिस्सा कमाया है!”



