आजमगढ़

Azamgarh news :पुलिस पर लापरवाही का आरोप, जांच शुरू

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र की एक महिला ने ई-रिक्शा से सफर के दौरान पर्स से जेवर और नकदी पार करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़िता ने जीयनपुर कोतवाली पुलिस पर भी कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीता पटेल पत्नी रविंद्र पटेल, निवासी ग्राम कोलवा, थाना रौनापार, तहसील सगड़ी, 16 फरवरी 2026 को अपने मायके बिरहदपुर (पोस्ट व तहसील मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ) से ससुराल लौट रही थीं। वह सठियाव से मुबारकपुर होते हुए जीयनपुर के रास्ते एक ई-रिक्शा में बैठीं। आरोप है कि ई-रिक्शा में उनके बगल में बैठी बुर्का पहने तीन महिलाओं ने रास्ते में ही उनके पर्स से कान के झुमके, मंगलसूत्र और लगभग पांच हजार रुपये नकद निकाल लिए।
पीड़िता के अनुसार, जीयनपुर पहुंचकर जब वह ई-रिक्शा से उतरीं तो पर्स से सामान गायब मिला। पीछे मुड़कर देखने पर न तो ई-रिक्शा चालक मौजूद था और न ही वे तीनों महिलाएं दिखीं। घटना की सूचना तीन दिन बाद जीयनपुर कोतवाली में दी गई।
महिला का कहना है कि पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और संदिग्ध महिलाओं को थाने पर बैठाया था तथा उन्हें भी बुलाया गया, लेकिन बाद में यह कहकर घर भेज दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर दोबारा बुलाया जाएगा। उनका आरोप है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे उन्हें न्याय के लिए भटकना पड़ा।
इस संबंध में पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित थाना जीयनपुर को प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर जीयनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामला प्रकाश में आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जब पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया था तो तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!