सिर्फ ओपनर नहीं, टी20 वर्ल्ड कप में भारत का फिनिशर भी फ्लॉप; रिंकू सिंह के आंकड़े कर देंगे हैरान

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओपनिंग जोड़ी की आलोचन हो रही है. खासकर अभिषेक शर्मा की, जो 4 में से 3 बार खाता भी नहीं खोल पाए. लेकिन फिनिशर की भूमिका में खेल रहे रिंकू सिंह के आंकड़े भी चिंताजनक है, जिन्होंने अपनी खेली गेंदों से भी कम रन बनाए हैं. यहां उनके 5 मैचों के आंकड़े दिए गए हैं, जिसे देखकर भारतीय फैंस हैरान रह जाएंगे.
टी20 फॉर्मेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए क्रीज पर टिकने के लिए ज्यादा समय नहीं होता, आज के दौर में तो ओपनर भी पहली गेंद से बड़े हिट लगाने के बारे में सोचता है. ऐसे में फिनिशर की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, कि वह अच्छी या बुरी शुरुआत का अंत किस तरह करता है. फिनिशर से उम्मीदें होती हैं कि वह तेज गति से रन बनाए. रिंकू सिंह इसी भूमिका में खेल रहे हैं. लेकिन रिंकू ने तो जितनी गेंदें खेली हैं, उतने भी रन नहीं बनाए हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रिंकू सिंह के आंकड़े
- बनाम यूएसए: 14 बॉल में 6 रन
- बनाम नामीबिया: 6 बॉल में 1 रन
- बनाम पाकिस्तान: 4 गेंद में 11 रन
- बनाम नीदरलैंड: 3 गेंद में 6 रन
- बनाम दक्षिण अफ्रीका: 2 गेंद में 0 रन
रिंकू सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 5 मैचों में कुल 24 रन ही बनाए हैं, जबकि 29 गेंदें वह खेल चुके हैं. यूएसए के खिलाफ हुए पहले मैच में तो उन्होंने 14 गेंदों का सामना करके सिर्फ 6 ही रन बनाए थे. नामीबिया के खिलाफ 6 गेंदों में उन्होंने सिर्फ 1 ही रन बनाया. पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ रिंकू नाबाद रहे थे, हालांकि यहां भी उन्होंने कोई बड़ी पारी नहीं खेली थी, क्योंकि उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला.
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में तो रिंकू सिंह एक गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलते हुए आउट हो गए थे. वह केशव महाराज की गेंद पर लप्पा घुमाते हुए कैच आउट हो गए थे, इस मैच में तो वह खाता भी नहीं खोल पाए.



