शादी की खुशियों के बीच ट्रोल्स पर भड़के शिखर धवन, वायरल पोस्ट को लेकर दी कड़ी प्रतिक्रिया

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर शिखर धवन इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के नए दौर की शुरुआत कर रहे हैं. हालांकि इस खुशहाल मौके पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक फर्जी पोस्ट ने उन्हें नाराज कर दिया है. दरअसल, कुछ ट्रोल अकाउंट्स ने धवन के नाम से एक कथित बयान वायरल कर दिया, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंनें अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर नकारात्मक बातें कही हैं. जिसमें लिखा था की धवन की पहली पत्नी आयशा ने उनसे कहा था की उनसे कोई लड़की शादी नहीं करेगी.
फेक पोस्ट पर धवन का जवाब
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में यह दिखाने की कोशिश की गई कि धवन ने अपने पिछले रिश्ते को लेकर निराशाजनक बयान दिया है. हालांकि, उन्होंने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया कि यह बयान पूरी तरह से गलत है और उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा है.
धवन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि उन्होंने कभी भी अपने अतीत को बोझ नहीं माना है, चाहे वह क्रिकेट मैदान से जुड़ा हो या निजी जीवन से. उन्होंने कहा कि वह हमेशा पोजिटिव सोच में विश्वास रखते हैं और अपने बीते समय का सम्मान करते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि सिर्फ क्लिक और व्यूज के लिए उनके नाम का गलत इस्तेमाल न करें और झूठी बातें फैलाने से बचें.
नई शुरुआत की ओर बढ़ते धवन
हाल ही में शिखर धवन ने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर सोफी शाइन से दिल्ली-एनसीआर में एक निजी समारोह में शादी की है. इस समारोह में उनके करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए. यह शादी उनके जीवन में एक नई शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है.
इससे पहले अक्टूबर 2023 में धवन का अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक हो गया था. इस रिश्ते के दौरान उन्हें अपने बेटे जोरावर की कस्टडी को लेकर कानूनी लड़ाई का भी सामना करना पड़ा था.
मुश्किल दौर के बाद नई उम्मीद
धवन ने कई मौकों पर यह भी बताया है कि वह अपने बेटे जोरावर के साथ समय बिताना कितना मिस करते हैं. हालांकि उन्होंने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने पिछले रिश्ते को लेकर कोई गलत टिप्पणी नहीं की. 2025 के बीच में जब धवन और सोफी शाइन के रिश्ते की खबर सार्वजनिक हुई, तभी से यह साफ हो गया था कि वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं.
अब शादी के बाद जहां धवन एक नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं, वहीं उन्होंने अपने फैंस और मीडिया से अपील की है कि सकारात्मकता फैलाएं और अफवाहों से दूर रहें.



