बैटिंग के बाद बॉलिंग में वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास, सुपर-8 में 107 रन से हराकर जिम्बाब्वे को चटाई धूल

ZIM vs WI T20 World Cup 2026 Super-8 Highlights: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए टी20 विश्व कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया. फिर दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की तरफ से कमाल देखने को मिला और टीम ने 107 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बैटिंग के लिए उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 254/6 रन बोर्ड पर लगाए. फिर रन चेज के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में सिर्फ 147 रन पर ढेर हो गई.
वेस्टइंडीज के लिए इन खिलाड़ियों ने किया कमाल
पहले बैटिंग में टीम के लिए शिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल और शेरेफेन रदरफोर्ड ने शानदार पारियां खेलीं. फिर गेंदबाजी में टीम के लिए गुडकेश मोती और अकील हुसैन ने कमाल किया. हेटमायर ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 34 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 85 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 250 का रहा.
इसके अलावा पॉवेल ने 35 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए. फिर नंबर पर पांच पर उतरे रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के लगाकर 31 रनों की पारी खेली और पारी को फिनिशिंग टच दिया. उनका स्ट्राइक रेट 238.46 का रहा. वहीं गेंदबाजी में गुडकेश ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि अकील ने 3 विकेट अपने खाते में डाले.
रन चेज में जिम्बाब्वे की पारी का हाल
रन चेज के लिए उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने 100 रन से पहले यानी 94 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद 103 रन पर टीम के 9 विकेट गिर गए थे यानी टीम ने सिर्फ 09 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद इवांस ने अच्छी पारी खेली, लेकिन उनकी पारी टीम के लिए पर्याप्त नहीं थी.
जिम्बाब्वे की हार का सिलसिला टूटा
गौरतलब है कि जिम्बाब्वे ने ग्रुप चरण में लगातार तीन मैच जीतते हुए सुपर-8 में कदम रखा था. अब सुपर-8 के पहले मैच में टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ हार झेलनी पड़ी. अब जिम्बाब्वे को अगला मुकाबला भारत के खिलाफ 26 फरवरी को खेलना है.
यह भी पढ़ें:
अभिषेक शर्मा पर फिर आया मोहम्मद आमिर का बयान, पहले कहा था ‘लप्पेबाज’



