खेल

भारत से करारी हार के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या हुआ? पाकिस्तानी कोच ने किया बड़ा खुलासा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मिली 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम का मनोबल पूरी तरह टूट गया है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के घमंड को चकनाचूर कर दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर पाकिस्तान को सिर्फ 114 रन पर समेट करारी हार दी.

ड्रेसिंग रूम में छाई निराशा

मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि टीम के खिलाड़ी इस हार से काफी निराश हैं. उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मुकाबला पाकिस्तान के लिए सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि प्रतिष्ठा से जुड़ा होता है. ऐसे में इतनी बड़ी हार को स्वीकार करना खिलाड़ियों के लिए आसान नहीं है.

कोच ने यह भी माना कि टीम पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर रही थी और भारत के खिलाफ जीत को लेकर आत्मविश्वास भी था. हालांकि इस मुकाबले में टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई.

भारत की बल्लेबाजी ने बदला मैच का रुख

मैच की शुरुआत में भारत को पहला झटका जल्दी लग गया था, लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार पारी खेलते हुए 77 रन बनाए और टीम को संभाल लिया. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 27 रन की उपयोगी पारी खेलकर स्कोर को 175 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

गेंदबाजों के आगे नहीं टिक पाई पाकिस्तान टीम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में ही दो बड़े विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया. इसके बाद टीम लगातार दबाव में रही और 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. उस्मान खान ने 44 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके.

सुपर-8 में पहुंचा भारत, पाकिस्तान पर बढ़ा दबाव

इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं पाकिस्तान के लिए अब आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है. उन्हें अगले मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, तभी टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीद बची रहेगी. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत अब पाकिस्तान पर 8-1 की बढ़त बना चुका है, जो पाकिस्तान के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गया है. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!