टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ ये बड़ा खिलाड़ी, न्यूजीलैंड की टीम को लगा झटका

Michael Bracewell Ruled Out Of ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने बैक टू बैक दो मैचों में जीत दर्ज कर दमदार शुरुआत की, लेकिन जारी टूर्नामेंट में कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है. न्यूजीलैंड की टीम के स्टार ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं. ब्रेसवेल को न्यूजीलैंड के टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से पहले अभ्यास के दौरान पिंडली में चोट लग गई थी. बता दें कि भारत दौरे आए माइकल ब्रेसवेल ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में कप्तानी भी थी, लेकिन दुर्भाग्य से वे अब टी20 वर्ल्ड कप में बिना एक भी मैच खेले, टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान जारी कर बताया
माइकल ब्रेसवेल को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ आठ फरवरी को खेले गए मैच के दौरान चोट लगी थी. बाद में न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, ‘ब्रेसवेल पिछले महीने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में लगी पिंडली की चोट से उबर चुके थे, लेकिन रविवार को अभ्यास के दौरान मांसपेशी दोबारा चोटिल हो गई है.’
माइकल ब्रेसवेल की जगह टीम में कौन लेगा?
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने माइकल ब्रेसवेल की चोट लेकर कहा, ‘जांच के बाद चोट की पुष्टि हुई है और उनके पूरी तरह फिट होने में लगभग तीन सप्ताह का समय लग सकता है.’ ब्रेसवेल के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी गई है. ब्रेसवेल की जगह अब ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची, तेज गेंदबाज बेन सीयर्स के साथ रिजर्व के तौर पर टीम से जुड़ने के लिए भारत आएंगे.
टी20 वर्ल्ड कप से वानिंदु हसरंगा भी हुए बाहर
न्यूजीलैंड से पहले श्रीलंकाई टीम को वानिंदु हसरंगा के रूप में बहुत बड़ा झटका लगा है. चोट के कारण हसरंगा अब श्रीलंका के लिए टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं. हसरंगा को रविवार यानी 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ श्रीलंका के शुरुआती मैच के दौरान बाईं मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था. आईसीसी ने हसरंगा के स्थान पर एक लेग स्पिन हरफनमौला दुशान हेमांथ को श्रीलंका की टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है.



