खेल

T20 World Cup 2026: भारत-नामीबिया मैच से पहले बड़ा अपडेट, टीम इंडिया की प्लेइंग XI में होगा ये फेरबदल

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने जीत के साथ खाता खोल दिया है. हालांकि पहले मुकाबले ने यह भी दिखा दिया कि टीम को अभी कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है. अमेरिका के खिलाफ मैच में भारतीय बल्लेबाजी शुरुआत में लड़खड़ा गई थी और टीम दबाव में आ गई थी. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हालात को संभालते हुए जिम्मेदार पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

अब 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत का सामना नामीबिया से होगा. इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना तया माना जा रहा है.

बुमराह की वापसी तय

पहले मैच में वायरल फीवर के कारण बाहर रहे जसप्रीत बुमराह अब फिट माने जा रहे हैं. उनकी उपलब्धता भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत है. बुमराह के खेलने से डेथ ओवर्स में टीम की पकड़ मजबूत होगी और विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनेगा. हालांकि बुमराह के आने से तेज गेंदबाजी विभाग में किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा. अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज में से किसे मौका मिलेगा, यह पिच और रणनीति पर निर्भर करेगा. अर्शदीप की बाएं हाथ की गेंदबाजी टीम को वैरायटी देती है, जबकि सिराज नई गेंद से आक्रामक साबित हो सकते हैं.

स्पिन में बदलाव की संभावना कम

स्पिन विकल्पों की बात करें तो कुलदीप यादव को एक बार फिर इंतजार करना पड़ सकता है. टीम के पास पहले से ही रिंकू सिंह, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं, जो जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी कर सकते हैं. ऐसे में टीम संतुलन बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल्लेबाज को तरजीह दे सकती है.

टॉप ऑर्डर पर भरोसा बरकरार

ओपनिंग जोड़ी का प्रदर्शन पिछले मैच में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन टीम मैनेजमेंट जल्दबाजी में बदलाव करने के मूड में नहीं है. ईशान किशन और अभिषेक शर्मा को एक और मौका मिल सकता है. इसका सीधा असर संजू सैमसन पर पड़ता दिख रहा है, जिन्हें फिलहाल प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल लग रहा है.

नामीबिया के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!