टी20 वर्ल्ड कप से एक दिन पहले टीम इंडिया को लगा झटका, स्टार गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट से बाहर; जानें क्या है वजह

2026 टी20 वर्ल्ड कप के आगाज में अब 24 घंटे से भी कम का वक्त बचा है. इस वैश्विक टूर्नामेंट के आगाज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. राणा चोटिल होने की वजह से टी20 विश्व कप से बाहर हुए हैं.
7 फरवरी यानी कल से 2026 टी20 विश्व कप का आगाज होगा. टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 3 मैच खेले जाएंगे. टीम इंडिया भी शनिवार, 7 फरवरी को टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेलेगी. टी20 विश्व कप में शनिवार को भारत का मुकाबला यूएसए से है. हालांकि, अभी हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं हुआ है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हर्षित राणा 4 फरवरी को चोटिल हुए थे. इसके बाद उन्हें 5 फरवरी को क्लिनिक जांच के लिए भेजा गया. जांच में पता चला कि उनके घुटने में सूजन ह, जिसकी वजह से मूवमेंट में कमी है. राणा ने तेज दर्द की भी शिकायत की. इसके बाद जब स्कैन कराया गया तो Lateral Meniscus यानी घुटने के बाहरी हिस्से में चोट का पता चला. मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला की सलाह के बाद उन्हें सर्जरी के लिए कहा गया है. मेडिकल टीम ने जांच के बाद पाया है कि बिना सर्जरी के उनकी रिकवरी पॉसिबल नहीं है.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), हर्षित राणा (बाहर).
अब मोहम्मद सिराज की हो सकती है टीम में एंट्री
खबर है कि हर्षित राणा की जगह टी20 वर्ल्ड कप टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल किया जा सकता है. हालांकि, अभी आधिकारिक रूप से हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट की मानें तो राणा की जगह सिराज को भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया जा सकता है.



