ICC ने कर दिया बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट का एलान, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में इस देश को किया शामिल

आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल कर लिया है. बीसीबी ने सुरक्षा का हवाला देकर अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे आईसीसी पहले ही खारिज कर चुका था. इसके बाद बीसीबी ने कहा कि अगर उनके मैच भारत में ही होंगे तो वह टूर्नामेंट का बहिष्कार कर रहा है. आईसीसी ने अब बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट के रूप में स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आधिकारिक रूप से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड को शामिल किया जा चुका है, जो बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में शामिल रहेगी. यानी स्कॉटलैंड को शुरूआती 3 मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलने होंगे, जो 7 (वेस्टइंडीज), 9 (इटली) और 14 (इंग्लैंड) फरवरी को खेले जाएंगे. 17 फरवरी को स्कॉटलैंड का मैच मुंबई में नेपाल के साथ होगा.
आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अपना फैसला बताने के लिए 24 घंटे का समय दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया. कई दिग्गज बांग्लादेश के इस फैसले को बेवकूफाना मान रहे हैं, क्योंकि इससे उनको करीब 300 करोड़ रूपये का नुकसान होने जा रहा है.
कहां से शुरू हुआ विवाद?
बांग्लादेश में 2 हिंदू युवकों की ह्त्या के बाद भारत में केकेआर फ्रेंचाइजी का विरोध होने लगा, क्योंकि उन्होंने मुस्ताफिज़ुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था. इसके बाद केकेआर ने बताया कि बीसीसीआई ने उन्हें बांग्लादेशी खिलाड़ी को रिलीज करने का आदेश दिया है. बस इसी के बाद बीसीबी ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई और फैसला लिया कि वे टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच श्रीलंका में खेलने की मांग करेंगे. हालांकि बीसीसीआई ने स्पष्ट किया कि लॉजिस्टिक, होटल बुकिंग आदि को देखते हुए अब शेड्यूल में बदलाव लगभग असंभव है, लेकिन बीसीबी अपनी बात पर अड़ा रहा.
आईसीसी अधिकारी ने बांग्लादेश जाकर बीसीबी अधिकारी से बात भी की और समझाया कि भारत में उनकी टीम पूरी तरह सुरक्षित रहेगी, लेकिन बांग्लादेश नहीं माना. आईसीसी ने वेन्यू चेंज की मांग खारिज करते हुए बीसीबी को अपना अंतिम फैसला बताने की डेडलाइन दी. बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के बहिष्कार का फैसला लिया. आईसीसी ने स्कॉटलैंड को उनकी जगह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह दे दी.



