राज्य

बस्ती: शादी के 7 साल बाद मिला पति का घर, 24 घंटे में ही महिला की हत्या, ससुरालवालों पर आरोप

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है. सोनहा थाना क्षेत्र के फेरसम गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका अदालत के आदेश पर सुरक्षा और हक की उम्मीद लेकर कल ही अपने ससुराल पहुंची थी, लेकिन 24 घंटे के भीतर ही उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी गई.

पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय को ही धरना स्थल बना दिया, जिससे प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया. किसी तरह मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शांत किया.

क्या है पूरा मामला ?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी वर्ष 2018 में मोतीलाल नामक युवक के साथ हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. विवाद इतना बढ़ा कि मामला न्यायालय तक जा पहुंचा. मृतका ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था.

अदालत के आदेश पर ससुराल में मिला था कमरा

लंबे समय तक चले कानूनी संघर्ष के बाद, हाल ही में न्यायालय ने मृतका के पक्ष में फैसला सुनाया था. कोर्ट ने ससुराल पक्ष को आदेश दिया था कि विवाहिता को हर्जाना दिया जाए और उसे ससुराल के घर में ही एक कमरा रहने के लिए उपलब्ध कराया जाए. इसी आदेश के अनुपालन में विवाहिता ने बीते कल ही अपने ससुराल के घर में प्रवेश किया था. परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में पति और अन्य ससुरालियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी.

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद जब स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित भाई और परिजन संतुष्ट नहीं हुए, तो वे सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए. वहां शव का पोस्टमार्टम और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी को लेकर वे धरने पर बैठ गए. पीड़ित भाई का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले ही तत्परता दिखाई होती, तो उसकी बहन आज जीवित होती.

ASP ने दिया कार्रवाई आश्वासन

मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्यामकांत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. एएसपी ने आश्वासन दिया कि मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं. उन्होंने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया.

फेरसाम गांव में इस घटना के बाद से ही तनाव का माहौल बना हुआ है. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!