नामांकन में बचे थे बस कुछ घंटे, बंगाल SIR में नाम कटने पर फटाफट SC पहुंचा कांग्रेस उम्मीदवार, जज ने EC को तुरंत दे दिया ये आदेश

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नामांकन से ठीक पहले एक कांग्रेस उम्मीदवार ने सुप्रीम कोर्ट से एसआईआर को लेकर तत्काल सुनवाई की अपील की है. याचिकाकर्ता का नाम बंगाल में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से कट गया है. उनका कहना है कि सोमवार (6 अप्रैल, 2026) को दोपहर तीन बजे तक पहले चरण के लिए नामांकन की आखिरी तारीख है इसलिए अपीलेट ट्रिब्यूनल उनके मामले का जल्द से जल्द निपटारा कर दे.
2 अप्रैल से हाईकोर्ट्स के 19 पूर्व जजों की अपीलेट ट्रिब्यूनल उन मामलों को देख रहा है, जिन्हें वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया है. याचिकाकर्ता के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में अपने मुवक्किल का पक्ष रखते हुए कहा कि याचिकाकर्ता कांग्रेस के उम्मीदवार हैं और वह पिछली दो बार से चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें उन्हें जीत मिली है, लेकिन तीन अप्रैल को उनका आवेदन खारिज कर दिया गया, जिसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है.
लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार वकील ने कहा कि कोर्ट ऐसे ही एक मामले में अपीलेट ट्रिब्यूनल से 12 बजे तक फैसला लेने के लिए कह चुका है. उन्होंने कहा कि इस मामले पर भी ट्रिब्यूनल से जल्दी फैसला लेने के लिए कहा जाए क्योंकि नामांकन की आज आखिरी तारीख है और दोपहर तीन बजे तक ही नॉमिनेशन फाइल किया जाएगा.
चुनाव आयोग के वकील डीएस नायडू ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ट्रिब्यूनल को इस बारे में जानकारी दी जा चुकी है और जस्टिस टी. एस. शिवज्ञानम सीधे संपर्क कर सकते हैं. हालांकि, फिर भी वकील ने कोर्ट से आदेश देने की अपील की, जिस पर कोर्ट ने आदेश दिया, ‘नॉमिनेशन की आज आखिरी तारीख है इसलिए तात्कालिकता को ध्यान में रखते हुए अपीलेट ट्रिब्यूनल से अनुरोध किया जाता है कि वह नॉमिनेशन खत्म होने से पहले ही याचिकाकर्ता के मामले पर फैसला ले ले.’ 19 पूर्व जजों वाले अपीलेट ट्रिब्यूनल की अध्यक्षता कोलकाता हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस टी. एस. शिवज्ञानम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें:-
‘मातृभाषा का अपमान’ बनाम ‘तुष्टिकरण की साजिश’, बंगाल में PM मोदी के बयान पर TMC का पलटवार, ‘इश्तेहार’ पर छिड़ा सियासी संग्राम



